Khabarwaad Sarguja: सरगुजा जिले के बरिमा गांव में शनिवार देर रात एक घर में भीषण आग लग गई. इस आगजनी में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
यह घटना मैनपाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बरिमा गांव के पकरीखार मोहल्ले में हुई है. पुलिस के अनुसार, घटना करीब दो बजे रात की बताई जा रही है. यहां एक मांझी परिवार की दो बालिकाएं और एक बालक एक साथ कमरे में सो रहे थे. उसकी माता सुधनी बाई वहीं पास के ही दूसरे घर में अपने चौथे बच्चे को देखने गई थी. इस दौरान घर में आग लग गई.
Read also: सारगढ़ में युवक की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियार से वारकर उतारा मौत के घाट
झोपड़ी नुमा इस घर में आग इतनी तेजी से फैली कि गहरी नींद में सो रहे बच्चों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला. बच्चों की चीख सुनने के बाद गांववालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक तीनों बच्चों की जलकर दर्दनाक मौत हो चुकी थी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
गांववालों से सूचना मिलने पर मैनपाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं. ग्रामीणों ने आग लगाने की आशंका जताई है. आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




