रायपुर। बीजापुर और कांकेर जिलों में सुरक्षाबलों द्वारा की गई मुठभेड़ों में 22 नक्सलवादियों के मारे जाने की खबर ने नक्सल उन्मूलन अभियान में एक और बड़ी सफलता की ओर इशारा किया है। बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 18 नक्सलवादी मारे गए, जबकि कांकेर और नारायणपुर सरहदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने 4 नक्सलवादियों को मार गिराया।
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन 25 मार्च से, जानें लास्ट डेट और अन्य डिटेल्स
इस कार्रवाई के दौरान डीआरजी (डिस्ट्रीक्ट रिजर्व गार्ड) के एक जवान की शहादत भी हुई, जिसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक व्यक्त किया और शहीद जवान के परिवार को संबल देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने सुरक्षाबलों के साहस और समर्पण की सराहना की है, जो नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस सफलता पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “नक्सलमुक्त भारत अभियान” के तहत यह एक और बड़ी सफलता है। वह यह भी कहते हैं कि मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ कठोर दृष्टिकोण अपना रही है, और समर्पण की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले साल 31 मार्च तक भारत को नक्सल मुक्त कर दिया जाएगा।




