बीजापुर। जिले में आज सुबह एक महिला नक्सलियों के लगाये गए आईईडी की चपेट में आ गई। इससे उसके एक पैर के चिथड़े उड़ गए हैं। इस ब्लास्ट में महिला के हाथ में भी गंभीर चोटें आई है। वहीं महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह हृदयविदारक घटना भैरमगढ़ ब्लॉक के बोड़गा गांव की है। यहां रहने वाली सरस्वती ओयाम सुबह जंगल में महुआ बीनने के लिए गई थी। वह महुआ बीनकर वापस लौट रही थी। तभी इंद्रावती नदी घाट में सरस्वती आईईडी की चपेट में आ गई और बुरी तरह से घायल हो गई। घटना के बाद आस-पास मौजूद ग्रामीणों की मदद से सरस्वती को प्राथमिक उपचार के लिए भैरमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां उसकी स्थिति नाजुक होने की वजह से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है।
गौरतलब है कि कल ही जवानों ने चेरपाल क्षेत्र से 45 किलोग्राम का भारी IED बरामद किया था, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया। यह आईईडी जवानों को नुकसान पहुँचाने की नीयत से लगाया गया था, लेकिन जवानों की सतर्कता और सुझ-बुझ से एक बड़ा हादसा होते हुए टल गया।
वर्ष 2023-24 में हुई थी दो मासूमों की मौत
वर्ष 2023-24 में भी इस क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए IED की चपेट में आकर 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद भी नक्सली बाज नहीं आये और आईईडी प्लांट कर सुरक्षाकर्मियों के साथ – साथ ग्रामीणों के जान से भी खेलने का काम कर रहे हैं।




