जांजगीर-चांपा। जिले में सरिया, टाइल्स और चौखट की चोरी के एक संगठित मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें पुलिस ने आरक्षक समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए चांपा एसडीओपी यदुमणि सिंदार ने बताया कि चोरी की इस वारदात में पुलिस का एक आरक्षक भी शामिल था, जो न केवल चोरी की साजिश रचता था बल्कि खुद ही चुराई गई सामग्री को बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश भी करता था।
पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए 9 आरोपियों में से 4 नाबालिग हैं। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी की गई सरिया, टाइल्स, चौखट, एक बाइक और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपए में आंकी जा रही है।
चोरी की इन घटनाओं को लेकर क्षेत्र में पहले से ही असंतोष था, और इस गिरफ्तारी के बाद आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच तेज कर दी है ताकि चोरी से जुड़ी अन्य कड़ियों का भी पता लगाया जा सके।




