दुर्ग। शिक्षण सत्र 2025 की शुरुआत के साथ ही जहां एक ओर स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो गई हैं और कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया जारी है, वहीं दूसरी ओर दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से चिंताजनक खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट को पाकिस्तानी हैकर्स ने हैक कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी हैकिंग ग्रुप HOAX 1137 ने इस साइबर हमले की जिम्मेदारी ली है। हैकर्स ने वेबसाइट के होमपेज पर अपशब्द और धमकियां पोस्ट कर दी हैं, साथ ही पाकिस्तान से जुड़े भड़काऊ पोस्टर भी लगाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए वेबसाइट का सर्वर डाउन कर दिया और डेवलपर्स की मदद से वेबसाइट को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
Read Also- छत्तीसगढ़ में मूसलधार बारिश का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में जलभराव, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हैकर्स ने विश्वविद्यालय के डेटा के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की है या नहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने साइबर सेल को भी जानकारी दे दी है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तानी हैकर्स ने भारतीय सरकारी वेबसाइटों को निशाना बनाया है। इससे पहले भी कई बार विभिन्न सरकारी पोर्टल्स को हैक कर ऐसी हरकतें की जा चुकी हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सर्वर बंद कर आवश्यक सुधार कर लिए गए, जिससे बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
Read Also- अगले हफ्ते से शुरू होगी Amazon Prime Day सेल
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और तकनीकी टीम मिलकर स्थिति को सामान्य बनाने में जुटी हुई है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।




