धमतरी। राज्य में स्कूल खुलते ही शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के छोटी करेली गांव में एक सरकारी स्कूल का शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक नशे में बड़बड़ाते हुए नजर आ रहा है। वह वीडियो में यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, “कोई मुझे सस्पेंड कर दो… मैं खुद सस्पेंड होना चाहता हूं… बहुत दिन से इच्छा है सस्पेंड होने की!”
लगातार कई दिनों से शराब के नशे में स्कूल आने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि यह शिक्षक लगातार कई दिनों से इसी हालत में स्कूल आ रहा है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में भी जब यही स्थिति देखने को मिली, तो गांव के कुछ युवाओं ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
Read Also- CM साय से मिलने जा रहे थे EX- MINISTER, पुलिस ने रास्ते से समर्थक समेत उठाया… अब थाने में कांग्रेसी कर रहे प्रदर्शन
बच्चों की पढ़ाई पर संकट
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नशे में होने के कारण वह न तो ठीक से पढ़ा पाता है और न ही स्कूल में अनुशासन बना रहता है। कई बार तो बच्चे डर के मारे स्कूल जाना ही छोड़ देते हैं।
शिक्षा विभाग और प्रशासन से की गई सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जाए और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक ऐसे शिक्षकों पर सख्त कदम नहीं उठाया जाएगा, तब तक स्कूलों का माहौल सुधरना मुश्किल होगा और बच्चों का भविष्य खतरे में रहेगा।




