रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Morning Consult Global Leader Approval Rating Tracker में एक बार फिर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में शीर्ष स्थान पर हैं। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि यह भारत के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि हमारे प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर प्रभावशीलता, लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता के प्रतीक बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सितंबर 2021 से लगातार इस रेटिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं, जो उनकी अडिग नेतृत्व शैली, दूरदर्शी नीतियों और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का प्रमाण है।
Read Also- मुख्यमंत्री घोषणाओं पर त्वरित अमल: फरसाबहार में विश्रामगृह निर्माण को मिली 1.72 करोड़ की मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्णय और नीतियाँ न केवल भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जा रही हैं, बल्कि विश्व समुदाय में भी भारत की सशक्त, प्रगतिशील और आत्मनिर्भर छवि को स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह वैश्विक सम्मान भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है और उनका नेतृत्व केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक व्यवस्था को भी नई दिशा प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज शांति, विकास और मानवता की आवाज बनकर वैश्विक मंच पर उभर रहा है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, मजबूत कूटनीति और जन-जन से सीधे जुड़ाव को दर्शाती है।




