रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाएं जमीन पर उतरने लगी हैं। हाल ही में तपकरा प्रवास के दौरान फरसाबहार में विश्रामगृह निर्माण की गई घोषणा को प्राथमिकता देते हुए 1 करोड़ 72 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि तपकरा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। इनमें तपकरा को नगर पंचायत का दर्जा देने, स्थानीय खेल स्टेडियम के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की मंजूरी और फरसाबहार में विश्रामगृह का निर्माण शामिल है।
Read Also- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 जुलाई को होगी मंत्रिपरिषद की अहम बैठक
तपकरा में तहसील कार्यालय शुरू, नागरिकों को मिल रही राहत
तपकरा में तहसील कार्यालय की शुरुआत से नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकांश कार्यों के लिए लोगों को बार-बार दूर नहीं जाना पड़े, इसलिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को तेजी से लागू कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। आवास प्लस प्लस योजना के तहत 5 एकड़ असिंचित या 2.5 एकड़ सिंचित भूमि, टू व्हीलर और 15 हजार रुपये मासिक आमदनी वाले पात्र हितग्राहियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की राशि दी जा रही है।
Read Also- सरगुजा एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं डेढ़ महीने से ठप, फ्लाई बिग ने फिर रद्द किया शेड्यूल
तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय में वृद्धि, गांव-गांव पहुंच रही डिजिटल सुविधा
तेंदूपत्ता संग्राहकों की आमदनी बढ़ाने के लिए प्रति मानक बोरा दर 5500 रुपये निर्धारित की गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोले जा रहे हैं। आगामी पंचायत दिवस से राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में इन केंद्रों को शुरू करने की योजना है।




