रायपुर। राजधानी रायपुर से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। सूदखोरी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भट्ठागांव के साईं नगर स्थित उनके अवैध ऑफिस पर बुलडोजर चलाया गया, जहां से वे कथित रूप से सूदखोरी का काला कारोबार चला रहे थे।
पत्नी के नाम पर चला रहा था ऑफिस
जानकारी के अनुसार, रोहित तोमर ने अपनी पत्नी के नाम पर ऑफिस खोल रखा था, जिसका उपयोग वह सूदखोरी के संचालन के लिए करता था। इसी आधार पर नगर निगम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। टीम के साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, जिससे कि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
फरार चल रहे हैं दोनों भाई
रोहित और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ सूदखोरी, मारपीट, धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में विभिन्न थानों में केस दर्ज हैं। लगातार शिकायतें मिलने के बाद से दोनों भाई फरार हैं और पुलिस को उनकी तलाश लंबे समय से है।
पत्नियों पर भी हुई थी कार्रवाई
पुलिस ने कुछ समय पहले तोमर बंधुओं की पत्नियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जो उनके अवैध धंधे में सहयोगी मानी जा रही थीं। अब निगम की कार्रवाई के बाद तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज़ कर दिए गए हैं।




