जयपुर। पुलिस मुख्यालय की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने 15 अगस्त तक दिल्ली और ग्वालियर में ब्लास्ट करने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए रविवार को जयपुर और टोंक के निवाई से तीन नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी 7 जुलाई को पंजाब के जालंधर के नवाशहर में शराब दुकान के बाहर हुए ग्रेनेड ब्लास्ट के मामले में भी वांटेड थे।
केरोसिन वितरण फिर शुरू: अब गैस कनेक्शन वाले राशनकार्ड धारकों को भी मिलेगा लाभ
जांच में सामने आया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और उनका हैंडलर जिशान अख्तर फिलहाल कनाडा में है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, ब्लास्ट में इस्तेमाल ग्रेनेड पाकिस्तान से मंगवाया गया था। पंजाब पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में हनुमानगढ़ के शेरगढ़ निवासी संजय नायक, पंजाब के कपूरथला के आलमगीर निवासी सोनू उर्फ काली चीर, जयपुर के माधोराजपुरा निवासी रितिक और उत्तर प्रदेश, निवाई तथा पंजाब के तीन नाबालिग शामिल हैं। इनमें उत्तर प्रदेश निवासी नाबालिग ने पंजाब में ग्रेनेड ब्लास्ट किया था। सभी आरोपियों को पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर के हवाले कर दिया गया है।
एडीजी ने यह भी खुलासा किया कि जिशान अख्तर ने मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। वह पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, मनु अगवान और गोपी नवाशहरिया पंजाब के संपर्क में है।




