किडनी हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, जो विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर शरीर को स्वस्थ रखता है। लेकिन कई बार अनजाने में हम ऐसे खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करते हैं, जो किडनी पर दबाव डालते हैं।
अनहेल्दी फैट्स, कार्बोहाइड्रेट्स, चीनी, शराब और रेड मीट का ज्यादा सेवन किडनी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए इनका सेवन नियंत्रित करना जरूरी है। इसके बजाय, ऐसे खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देनी चाहिए जो किडनी को डिटॉक्स करें और उसे स्वस्थ रखें।
अमेरिका के नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार, फलों का ताजा जूस पानी के अलावा शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है, जो किडनी की सेहत के लिए जरूरी है। हालांकि, बाजार में उपलब्ध डिब्बाबंद जूस से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें अधिक चीनी और केमिकल होते हैं, जो किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। घर पर निकाला गया ताजा जूस ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।
दूध कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद है। लेकिन किडनी रोग से पीड़ित लोगों को दूध का सेवन सीमित करना चाहिए। प्लांट-बेस्ड मिल्क, जैसे बादाम या ओट मिल्क, में डेयरी मिल्क की तुलना में पोटैशियम और फॉस्फोरस की मात्रा कम होती है, जो किडनी के लिए बेहतर हो सकता है।
किडनी की सेहत बनाए रखने के लिए संतुलित आहार और पर्याप्त जलपान जरूरी है। अपने भोजन पर ध्यान देकर और हानिकारक खाद्य पदार्थों से परहेज करके आप अपनी किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकते हैं।




