बेमेतरा। जिले में प्रशासनिक कामकाज को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों के पदस्थापना स्थल में बदलाव किया है। जारी आदेश के तहत तीन डिप्टी कलेक्टर और एक संयुक्त कलेक्टर के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में जिला मुख्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर रोहित सिंह, जो कटघोरा में पदस्थापना के बाद जिला मुख्यालय में तैनात थे, उन्हें पाली अनुविभाग का एसडीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, पाली की एसडीएम सीमा पात्रे को जिला मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा, कटघोरा सब डिवीजन के प्रभारी अपर कलेक्टर एवं संयुक्त कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे को पोंडी-उपरोड़ा अनुविभाग का एसडीएम बनाया गया है। वर्तमान में पोंडी-उपरोड़ा के एसडीएम तुलाराम भारद्वाज का तबादला जिला मुख्यालय कर दिया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यह फेरबदल जिले के कामकाज में तेजी और सुचारू समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।




