रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन को 1 नवंबर को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष्य में इस बार राज्योत्सव का आयोजन विशेष रूप से भव्य और ऐतिहासिक होने वाला है। प्रदेश सरकार ने नया रायपुर में समारोह की तैयारी बड़े स्तर पर शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।
राज्य सरकार द्वारा तैयार विस्तृत कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी रायपुर में लगभग सात घंटे का प्रवास करेंगे। वे इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को विशेष विमान से सुबह 9:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। सुबह 10 से 10:30 बजे तक वे सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से ‘दिल की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक ब्रह्मकुमारी संस्थान के शांति शिखर भवन का शुभारंभ करेंगे।
सुबह 11:45 से दोपहर 1:15 बजे तक प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 2:30 से शाम 4 बजे तक वे नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव समारोह का उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत शाम 4:30 बजे रायपुर विमानतल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज्योत्सव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे और राज्योत्सव के मद्देनजर नया रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग एडीजी रैंक के अधिकारी करेंगे। वहीं, 20 आईपीएस अधिकारी, 100 एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी तथा करीब पांच हजार जवान नए रायपुर के विभिन्न हिस्सों में तैनात रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिए अलग-अलग सेक्टरों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
भीड़ के बीच सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जा रहा है और सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए नए रायपुर में हर स्तर पर सतर्कता बरती जाएगी।




