रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब चोरों ने पुलिस लाइन के क्वार्टर को ही अपना निशाना बना लिया है। जिस क्वार्टर में पुलिस कर्मी अपने परिवार के साथ रहते हैं, वहां दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से पुलिसकर्मी और उनके परिवार में चिंता का माहौल है।
मामले की रिपोर्ट जवान गणेश कुमार ध्रुव ने दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चोरी 25 अक्टूबर को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच हुई। चोरों ने तीसरे माले के फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर रखे 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। कुल मिलाकर लगभग 80 हजार रुपये की चोरी की गई है।
घटना पुलिस लाइन गेट के सामने स्थित एच-3 ब्लॉक टॉवर के एक फ्लैट की है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि रायपुर में हर सप्ताह 10 से 12 घरों में चोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




