रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार देर शाम मंदिर हसौद ओवरब्रिज के पास हुई लूट की वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी। तीन नकाबपोश लुटेरों ने डेयरी संचालक कामेश यादव से एक लाख रुपये से अधिक की रकम लूट ली और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंदिर हसौद निवासी कामेश यादव अपनी डेयरी का काम निपटाकर रोज की तरह घर लौट रहे थे। उनके पास दिनभर की बिक्री से प्राप्त 1,08,000 रुपये नकद का बैग था। इसी दौरान मंदिर हसौद ओवरब्रिज के पास काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि एक युवक ने यादव पर चाकू तान दिया, जबकि दूसरे ने उनका बैग छीन लिया। तीसरा युवक बाइक स्टार्ट रखे हुए था। कुछ ही पलों में तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों की घेराबंदी की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बीते कुछ महीनों से चोरी और लूट की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है।




