कांकेर। जिले के नरहरपुर ब्लॉक के कुराल ठेमली गांव में शुक्रवार को तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोगों के एकत्रित होने पर ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके दौरान झूमाझटकी की नौबत आ गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो माह पहले जमगांव में एक ग्रामीण की निजी भूमि पर ईसाई समुदाय के लोग कब्जा कर प्रार्थना सभाएं आयोजित कर रहे थे और धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे थे। मामले की शिकायत पर तहसील न्यायालय ने संबंधित भूमि खाली कराने का आदेश दिया था।
शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की टीम को जमीन खाली कराने की कार्रवाई करनी थी, लेकिन किसी कारणवश कार्रवाई को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया। इस निर्णय से नाराज ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। गांव में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और प्रशासन ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखी है।




