रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में स्थित एक राम मंदिर में तोड़फोड़ की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। शरारती तत्वों ने भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर नाली में फेंक दिया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब संत गुरु घासीदास के खिलाफ की गई टिप्पणी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा के नेगिपारा इलाके में स्थित छोटे से राम मंदिर में देर रात अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर मूर्तियों को तोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने नाली में मूर्तियां पड़ी देखीं तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे।




