कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की सिक्का निगलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम सारथी के रूप में हुई है, जो केजी-2 का छात्र था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ निवासी शिवम अपने पिता मदन सारथी के साथ कोरबा के गोढ़ी गांव में ठहरे हुए थे। इसी दौरान खेल-खेल में शिवम ने सिक्का निगल लिया। सिक्का गले में फंसने से उसकी सांस रुकने लगी। परिजनों ने तुरंत उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए उपचार में असमर्थता जताई और उसे अन्यत्र ले जाने की सलाह दी।
परिजन बच्चे को निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




