महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव-2025 का महासमुंद जिले में भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह महोत्सव 2 से 4 नवंबर तक चलेगा, जिसमें प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, लोकनृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर को शाम 5:30 बजे अतिथियों का आगमन होगा, जिसके बाद 6:00 बजे तक विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया जाएगा। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन के साथ राज्योत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। शुभारंभ दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 4:00 से 4:30 बजे तक पंथी दल मुडियाडी द्वारा पंथी नृत्य प्रस्तुति से होगी। इसके बाद विभिन्न लोकनृत्य दल अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। शाम 6:45 से 7:00 बजे तक योग नृत्य की प्रस्तुति होगी, जबकि 7:00 से 8:30 बजे तक लोक प्रयाग राजीव कला मंच मंच पर प्रस्तुति देगा। दिन का मुख्य आकर्षण रात 8:30 से 10:00 बजे तक होने वाला प्रकाश अवस्थी स्टार नाइट रहेगा।
3 नवंबर को दूसरे दिन शाम 4:30 से 5:00 बजे तक कमार जनजाति के पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद 5:00 से 7:45 बजे तक विभिन्न लोकनृत्य दल मंच पर अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। रात 8:00 से 9:30 बजे तक फोक फ्यूजन 36 बैंड अपनी प्रस्तुति देगा।
4 नवंबर को समापन दिवस पर शाम 4:00 से 4:30 बजे तक फुलझरिया कर्म पार्टी बिलखंड अपनी प्रस्तुति देगी। 4:30 से 7:00 बजे तक विभिन्न लोकनृत्य समूह प्रदर्शन करेंगे, इसके बाद 7:30 से 7:45 बजे तक कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। 7:45 से 9:00 बजे तक श्रद्धा के फूल लोककला मंच का कार्यक्रम रहेगा। समापन कार्यक्रम रात 9:00 से 10:00 बजे तक होगा, जिसमें बॉलीवुड बैंड टीम अपनी प्रस्तुति देगी।
राज्योत्सव के दौरान पारंपरिक व्यंजनों, राज्य की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को दर्शाने वाले स्टॉल भी प्रमुख आकर्षण रहेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली हैं और नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और गौरव को साझा करें।



