रायपुर। चक्रवात मोंथा के असर के खत्म होने के बाद अब छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग समाप्त हो गया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश में शुष्क और ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। विभाग ने बताया कि समुद्र से आने वाली नम हवाओं का प्रभाव अब खत्म हो गया है और उत्तर-पूर्व दिशा से शुष्क हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं।
इस मौसमी परिवर्तन के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ में बारिश की कोई संभावना नहीं है। फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।




