रंगारेड्डी। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा के पास हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार में जा रहा एक टिपर ट्रक यात्री बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलटकर बस के ऊपर गिर गया और उसमें भरी गिट्टी बस के यात्रियों पर जा गिरी।
मृतकों में 18 यात्री, बस चालक और ट्रक चालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मृतकों में एक साल का बच्चा, 11 महिलाएं और 9 पुरुष हैं। वहीं, 24 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक तेज गति से चल रहा था और अचानक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। नियंत्रण छूटते ही ट्रक सीधे बस से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक उलट गया और उसकी गिट्टी-रेत बस में बैठे यात्रियों पर गिर गई। कई यात्री मलबे में दब गए।
राहत कार्य में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को निकालने की कोशिश की। पुलिस ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद भेजा जा रहा है। फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली गई।
सीएम रेवंत रेड्डी ने दिए राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को आदेश दिया कि सभी घायलों को जल्द से जल्द हैदराबाद लाकर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। सीएम ने संबंधित मंत्रियों और जिला प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चेवेल्ला से विकाराबाद मार्ग पर यातायात लंबे समय तक बाधित रहा।




