जांजगीर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में आपदा जनित चार मृत्यु प्रकरणों में प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रत्येक मामले में चार-चार लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार कुल 16 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
जिले की तहसील सरागांव के ग्राम भगोडीह निवासी निरधीनारायण की सर्पदंश से मृत्यु पर उनकी पत्नी बहरती बाई सूर्यवंशी को सहायता राशि स्वीकृत की गई है। ग्राम चोरिया निवासी साधमति की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु पर उनके पति खीखराम साहू को चार लाख रुपये दिए जाएंगे।
इसी तरह तहसील बम्हनीडीह के ग्राम लखुर्री निवासी कुमारी हेमा वैष्णव की सर्पदंश से मृत्यु के मामले में उनकी मां जानकीबाई वैष्णव को सहायता राशि स्वीकृत की गई है। ग्राम सोंठी निवासी श्रीमती यादबाई पटेल की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु पर उनके पति रथराम पटेल को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
कलेक्टर ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत और सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।




