रायपुर। राजधानी पुलिस की लापरवाही से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। एक जून को लापता हुए इलेक्ट्रिकल इंजीनियर मृणाल राय चौधरी की लाश दो जून को ही टाटीबंध इलाके के नाले में मिल चुकी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें लावारिस समझकर दफना दिया। मृतक की बाइक, मोबाइल और पर्स अभी तक गायब हैं।
दो नवंबर को पुलिस ने परिवार को इसकी सूचना दी। परिवार ने छह माह तक रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न थानों का चक्कर लगाया तथा बेटे की तलाश हेतु मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक गुहार लगाई। सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी।
परिवार ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब शव को निकालकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।




