मिर्जापुर। जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हुआ। हावड़ा से कालका जा रही कालका एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब सोनभद्र की ओर से आने वाली गोमो-चोपन पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन से उतरने के बाद श्रद्धालु प्लेटफॉर्म नंबर 3 की ओर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही कालका मेल ट्रेन वहां से निकली और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि शवों के टुकड़े ट्रैक पर बिखर गए।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, कालका एक्सप्रेस का चुनार में कोई ठहराव नहीं था, इसलिए ट्रेन लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर रही थी। ट्रेन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से निकलने के बाद मिर्जापुर की ओर बढ़ने के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के तुरंत बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और मृतकों की पहचान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों की पहचान मिर्जापुर और सोनभद्र जिलों के श्रद्धालुओं के रूप में हुई है। इनमें मिर्जापुर के कमरिया थाना क्षेत्र की सविता (28), साधना (16), शिव कुमारी (12), अप्पू देवी (20), महुआरी क्षेत्र की सुशीला देवी (60) और सोनभद्र की कलावती देवी (50) शामिल हैं।




