दुर्ग। मंगलवार का दिन जिले के लिए हादसों से भरा साबित हुआ। अलग-अलग इलाकों में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में एक स्कूली बच्ची, एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से हुए इन हादसों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना धमधा-खैरागढ़ मार्ग की है, जहां 10 वर्षीय छात्रा छाया साहू की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, धरमपुरा निवासी छाया रोजाना की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान खोरपा निवासी बाइक सवार माधव यादव ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची साइकिल सहित झाड़ियों में जा गिरी। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा हादसा भिलाई के सुपेला संडे मार्केट इलाके में हुआ। रात करीब 10 बजे साइकिल सवार एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को लाल बहादुर शासकीय अस्पताल के मरचुरी में रखवाया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
तीसरी दुर्घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के सिरसा गेट के पास हुई। यहां पदुम नगर निवासी 64 वर्षीय के. लक्ष्मण राव अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने जिले में ट्रैफिक व्यवस्था और वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।




