रायपुर। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने की घटना ने सर्व समाज में गहरा रोष जगा दिया है। मंगलवार को अग्रसेन भवन में सर्व अग्रवाल समाज रायपुर की अगुवाई में आयोजित बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
उच्चस्तरीय जांच और एनएसए की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ कि घटना की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों को कठोर दंड मिले। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी नेता अमित बघेल की अभद्र टिप्पणी को धार्मिक उन्माद और सामाजिक समरसता के लिए खतरा बताते हुए उनके खिलाफ एनएसए या रासुका लगाने की मांग की गई।
6 नवंबर को शांतिपूर्ण धरना
सर्व समाज ने 6 नवंबर को सुबह 10 बजे अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित करने का ऐलान किया। धरना भगवान अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण से शुरू होगा। प्रदेशभर से समाजजन इसमें शामिल होंगे।
प्रमुख प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, संरक्षक सियाराम अग्रवाल, डॉ. उदयभान सिंह चौहान, महामंत्री मनमोहन अग्रवाल, कैलाश मुरारका, सिंधी समाज अध्यक्ष महेश दरयानी, महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष अजय काले, कैट अध्यक्ष अमर पारवानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सर्व समाज ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण छत्तीसगढ़ में विभाजनकारी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।




