रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस आमने-सामने हैं। रायपुर सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अगर SIR ईमानदारी से किया गया तो रायपुर से लगभग एक लाख फर्जी वोटर हट जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कई मतदाता गांव लौट गए हैं, कुछ का पता बदल गया है और कई की मृत्यु हो चुकी है। अग्रवाल ने कहा, “फर्जी नाम हटेंगे, नए मतदान केंद्र बनेंगे यह लोकतंत्र की सफाई का अभियान है।
कांग्रेस का पलटवार : ‘भाजपा ने खुद मानी फर्जी वोटरों की बात’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बृजमोहन अग्रवाल पर पलटवार करते हुए कहा, बृजमोहन जी ने खुद स्वीकार कर लिया कि रायपुर में एक लाख फर्जी वोटर हैं। यही बात हम सालों से कहते आ रहे थे अब भाजपा की पोल खुल गई। बैज ने घोषणा की कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में 400 टीमें बनाने और हर जिले में SIR मॉनिटरिंग सेल गठित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को घर-घर जाने के लिए मिला एक महीने का समय पर्याप्त नहीं है, इसलिए पार्टी हाईकमान से समय-सीमा बढ़ाने की मांग करेगी।
निर्वाचन आयोग की अपील : 15 दिसंबर तक सत्यापन कराएं नाम-पता
राज्य निर्वाचन आयुक्त यशवंत कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 15 दिसंबर तक अपने BLO से संपर्क कर अपने नाम और पते की जांच करें। संशोधन के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन 1950 पर 24×7 सहायता उपलब्ध है।
Read Also- बिलासपुर रेल हादसे में घायल यात्रियों से मिलने पहुंचे PCC चीफ बैज, बोले- जिम्मेदार अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई
आंकड़ों की जंग : रायपुर में 22.40 लाख मतदाता
2024 की मतदाता सूची के अनुसार रायपुर अर्बन क्षेत्र में 22.40 लाख मतदाता दर्ज हैं। SIR के दौरान करीब 1.80 लाख नए नाम जुड़ने और 1.10 लाख नाम हटने का अनुमान है। राज्यभर में 42 हजार BLO घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य कर रहे हैं।
‘SIR की प्रक्रिया जल्दबाज़ी में, ग्रामीण क्षेत्रों में कठिनाई’- दीपक बैज
दीपक बैज ने SIR प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि BLO को पर्याप्त ट्रेनिंग और फॉर्म नहीं मिले हैं, जिससे काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि नवंबर में किसान धान कटाई में व्यस्त रहेंगे और इसके बाद धान खरीदी का सीजन शुरू होगा, ऐसे में घरों पर लोग नहीं मिलेंगे तो सत्यापन कैसे होगा? बैज ने कहा, अबूझमाड़ जैसे इलाकों में अभी राजस्व सर्वे तक नहीं हुआ है। ऐसे में वहां SIR कराना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से समय-सीमा बढ़ाने की मांग की ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से न कटे।
रेल हादसे पर नाराज़गी, 1 करोड़ मुआवजे की मांग
बिलासपुर रेल हादसे में 11 लोगों की मौत और 25 से अधिक घायल होने पर दीपक बैज ने गहरा शोक जताया। उन्होंने इस हादसे को रेलवे की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया और सवाल किया कि जब उसी ट्रैक पर मालगाड़ी को अनुमति दी गई थी, तो उसी ट्रैक पर यात्री ट्रेन क्यों चलाई गई? बैज ने रेलवे की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रेलवे का सूचना तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है। उन्होंने मांग की कि मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये और घायलों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।




