बालोद। जिले में महाराष्ट्र की एक महिला द्वारा तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने तीन दोस्तों को पैसे को दस गुना करने का लालच दिया और उनसे कुल 5 लाख 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम खैरा के जालम चंद जैन, ग्राम कोचेरा के मुकुंद राम साहू और ग्राम फुलझर के संत कुमार साहू को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि तंत्र-मंत्र के जरिए उनके पैसे कई गुना बढ़ाए जा सकते हैं। लालच में आकर तीनों ने 5 लाख 22 हजार रुपये इकट्ठा किए और यवतमाल की रहने वाली आरोपी महिला मंदा पासवान को राजनांदगांव से बालोद बुलाया।
महिला ने तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के नाम पर दो मटके मंगवाए। उसने एक मटके में पूरे पैसे डाले और दूसरे मटके को खाली रखा। इसके बाद वह मटकों को दोस्तों के एक साथी के साथ कचहरी तक ले गई। वहां उसने नींबू की आवश्यकता बताकर साथी को भेज दिया और मौका पाकर पैसे वाले मटके लेकर फरार हो गई।
घटना का पता चलते ही पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी महिला की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।




