दंतेवाड़ा। जिले से फरार हुआ जेल ब्रेक का आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। करीब सात महीने से फरार आरोपी महेंद्र दीवान को पुलिस ने चितालंका क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी तलाश में बस्तर, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में कई बार छापेमारी की थी, लेकिन आरोपी हर बार फरार हो जाता था।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र दीवान वर्ष 2024 में चोरी के मामले में दंतेवाड़ा जिला जेल में सजा काट रहा था। 3 अप्रैल 2025 को उसने अपने एक साथी के साथ जेल की दीवार फांदकर भागने की कोशिश की थी। उसका साथी पकड़ा गया, लेकिन महेंद्र पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बस्तर जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद अधिकारियों ने जवानों की एक टीम गठित कर बस्तर में दबिश दी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही वह वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपी नारायणपुर और फिर बीजापुर जिले में भी छिपता रहा। पुलिस और साइबर टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी।
आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि महेंद्र दीवान दंतेवाड़ा के चितालंका क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।




