नई दिल्ली। देश में आतंकी खतरे की आशंका के बीच इंडिगो एयरलाइंस को बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, त्रिवेंद्रम और हैदराबाद हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही एयरलाइन ने तत्काल CISF और BCAS को अवगत कराया।
पांचों हवाई अड्डों पर उच्च स्तरीय अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। यात्रियों की दोहरी स्क्रीनिंग, लगेज की एक्स-रे और बम डिटेक्टर से जांच, डॉग स्क्वॉड तथा बम निरोधक दस्तों की तैनाती की गई। AAI और CISF की संयुक्त टीमों ने टर्मिनल, रनवे तथा पार्किंग क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ईमेल की उत्पत्ति तथा प्रेषक की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक आकलन में इसे फेक अलार्म या शरारत की संभावना जताई जा रही है, किंतु सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूर्ण सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को मुंबई से वाराणसी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को भी बम होने की सूचना मिली। विमान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई तथा आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ते की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि बम खतरा आकलन समिति को तुरंत सूचित किया गया तथा सभी आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए गए। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही। जांच पूरी होने के बाद विमान को पुनः संचालन की अनुमति दी जाएगी।




