रायपुर। राजधानी के स्टेशन रोड, तेलघानी नाका और भैसथान क्षेत्र में पीक आवर्स के दौरान लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को व्यापारियों और गोदाम संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला ने की।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, नगर निगम के एसडीओ अमित सरकार तथा करीब 40 व्यापारी और ट्रांसपोर्ट संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय कार्यालय बंद होने के साथ स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ और मालवाहक वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है।
व्यापारियों ने जाम निवारण के लिए निम्नलिखित प्रमुख सुझाव दिए:
गोदामों को शहर से बाहर निर्धारित क्षेत्र में विस्थापित करना।
अग्रसेन चौक का सिग्नल स्थायी रूप से बंद करना।
पंजाब दाल मिल गली में वन-वे उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई।
तेलघानी नाका अंडरब्रिज को केवल जाने और ओवरब्रिज को आने के लिए वन-वे करना।
तेलघानी नाका चौक पर यातायात पुलिस की स्थायी ड्यूटी लगाना।
चौक के पास शराब दुकान और अगरू होटल को विस्थापित करना।
भारी वाहनों का प्रवेश रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक सीमित करना।
हल्के मालवाहक वाहनों पर शाम 5 से 8 बजे तक प्रतिबंध लगाना।
फल ठेले, अतिक्रमण और दुकानों के बाहर सामान रखने पर नगर निगम की नियमित कार्रवाई।
यातायात पुलिस ने सभी सुझावों पर तत्काल विचार करने और संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।




