रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जनदर्शन में दूर-दूर से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा की रहने वाली 11 वर्षीय पूनम से भेंट की। पूनम की माता ने बताया कि वह सेरेब्रल पाल्सी से जूझ रही है और बातचीत करने में असमर्थ है, लेकिन इस चुनौती के बावजूद वह अपने पैरों से सुंदर चित्र बनाती है।
मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से पूनम से मुलाकात की और उसे स्नेहपूर्वक दुलार किया। उन्होंने पूनम की माता को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनकी बिटिया की हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने पूनम की पढ़ाई की उचित व्यवस्था के लिए उसे विशेष विद्यालय में भर्ती कराने और छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।




