रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र पूरे दिन चलने के बाद स्थगित कर दी गई है। 14 दिसंबर से शीतकालीन सत्र शुरू होगा, यह सत्र 17 दिसंबर तक यानी 4 दिनों तक चलेगा। 14 दिसंबर को विकसित भारत 2047 पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि चार दिवसीय सत्र नए विधानसभा भवन में आयोजित होगा।
मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के पुराने भवन में विशेष सत्र बुलाया गया था, जिसमें 25 साल की संसदीय यात्रा पर चर्चा की गई। इस दौरान पक्ष-विपक्ष के सदस्य सदन में मौजूद रहे, जिन्होंने अपने अनुभव, संसदीय स्मृतियां और विधानसभा से जुड़ी यादें साझा की।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा की रजत जयंती में योगदान देने वाले तीन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल और समर्पित जनप्रतिनिधि राधेश्याम शुक्ला के योगदान को याद किया।




