रायपुर. पूर्वी हवा के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में शीतलहर की स्थिति कमजोर पड़ गई है। बीते दिनों में रात का तापमान जहां 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 11 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। रात में हल्की ठंड बनी हुई है, जबकि दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। शहर में सुबह के समय ठंड का प्रभाव दिखाई देता है, जबकि आउटर इलाकों में इसका असर अपेक्षाकृत अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हवा के असर से ठंड में आई यह कमी दो से तीन दिनों तक बनी रह सकती है। इसके बाद हवा का रुख दोबारा उत्तर की ओर से होने पर तापमान में गिरावट की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सर्दी अपनी सामान्य स्थिति में लौटने लगी है।
पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो चार दिन पहले 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। इसी प्रकार रायपुर में 13 डिग्री तक पहुंचा तापमान अब प्रातःकाल में हल्की ठंड के रूप में महसूस हो रहा है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है। तापमान 16 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।




