बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने नैमेड़ और भोपालपट्टनम थाना क्षेत्रों में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल सात माओवादी आरोपियों को विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
नैमेड़ थाना और कोबरा 210 की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 21 नवंबर को कांडका–जपेली जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पांच माओवादी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कमलू ओयाम, लक्ष्मण उरसा, लेकाम आयतु, लच्छू ओयाम और पंडरू उरसा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की।
उधर, थाना भोपालपट्टनम क्षेत्र में मट्टीमरका मार्ग पर की गई एमसीपी जांच के दौरान दो माओवादी सहयोगियों को विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। इनमें मड़ लक्ष्मीनारायण और लक्ष्मण चिडेम शामिल हैं। इनके पास से एक टिफिन बम, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक वायर और कार्डेक्स वायर बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जिले में नक्सली गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




