रायपुर। कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए चर्चित डीएमएफ और शराब घोटाला मामलों में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार को प्रदेशभर में व्यापक सर्च अभियान चलाया। टीम ने कुल 19 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए।
डीएमएफ घोटाले से जुड़े हरपाल सिंह अरोड़ा और अन्य संबंधित व्यक्तियों तथा ठेकेदारों के ठिकानों पर रायपुर में 4, बिलासपुर में 2, सरगुजा में 2, कोण्डागांव में 1, धमतरी में 1 और बलरामपुर में 1 स्थान सहित कुल 11 जगहों पर तलाशी ली गई। वहीं शराब घोटाले के मामले में जेल में बंद आरोपियों अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों के बिलासपुर में 4, रायपुर में 2, दुर्ग में 1 और बस्तर में 1 स्थान पर कुल 8 जगहों पर सर्च की गई।
ACB ने यह कार्रवाई डीएमएफ घोटाले के मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 02/2024 और शराब घोटाले के अपराध क्रमांक 04/2024 के आधार पर की। दोनों मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं सहित भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराएं शामिल हैं।
सर्च के दौरान प्राप्त दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य को जांच में शामिल किया जा रहा है। ब्यूरो ने बताया कि आगे की विवेचना जारी है।




