अबिकापुर। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। सोमवार रात खरसिया चौक स्थित एक बिरयानी दुकान के बाहर छह से अधिक बदमाशों ने बिरयानी लेने आए युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, दर्रीपारा निवासी 27 वर्षीय आदर्श साहू रात करीब साढ़े 9 बजे जमजम बिरयानी सेंटर पहुंचे थे। उसी दौरान छह से अधिक युवक वहां आए और उन्होंने आदर्श को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने चाकू से उसके सिर पर लगातार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बावजूद आरोपियों ने पिटाई जारी रखी और बाद में वहां से फरार हो गए।
हमले की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मंगलवार दोपहर परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमला पुराने विवाद के चलते किया गया है। युवक की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।




