जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नेशनल हाईवे-49 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नवागढ़ से बारात से लौट रही स्कार्पियो और तेज रफ्तार ट्रक के आमने-सामने टकराने से स्कार्पियो में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसके परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, नवागढ़ के आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल हुए थे। बारात समाप्ति के बाद लौटते समय सुकली गांव के पास ट्रक से टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे। टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में दो सेना के जवान भी शामिल हैं, जिनमें से एक की हाल ही में शादी हुई थी। सभी मृतक और घायल नवागढ़ के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जिला अस्पताल में जुट गई।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज किया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच कर रही है।




