रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की मौजूदगी में 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर के IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन आयोजित होगा। छत्तीसगढ़ पहली बार इस प्रतिष्ठित सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
तीन दिवसीय सम्मेलन में साइबर सिक्योरिटी, आतंकवाद विरोधी उपाय, ड्रग्स नियंत्रण और सीमा प्रबंधन पर विशेष जोर रहेगा। पहले दिन 2, दूसरे दिन 4 और तीसरे दिन 2 सेशन होंगे। देशभर के DGP, IGP सहित पैरामिलिट्री फोर्स के 20 DG/ADG और 75 वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सभी राज्य अपराध नियंत्रण प्रयासों पर प्रजेंटेशन देंगे। उद्घाटन सत्र में अमित शाह और समापन में प्रधानमंत्री मोदी मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। SPG टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। नवा रायपुर सम्मेलन अवधि में सील रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बंगला अस्थायी PMO बनेगा। प्रधानमंत्री M-1, गृह मंत्री M-11 और NSA डोभाल नए सर्किट हाउस में ठहरेंगे। सर्किट हाउस में 6 सूट व 22 कमरे, ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 और निमोरा अकादमी में 91 कमरे बुक किए गए हैं।
ADG दीपांशु काबरा और IG अमरेश मिश्रा को समग्र सुरक्षा जिम्मेदारी सौंपी गई है। IG छाबड़ा भोजन, OP पाल आवास, ध्रुव गुप्ता कंट्रोल रूम और अन्य अधिकारियों को परिवहन सहित विभिन्न दायित्व दिए गए हैं। तीन शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। मंगलवार को डायल-112 कंट्रोल रूम में फाइनल बैठक हुई और सड़कों पर रिहर्सल की गई। यह प्रधानमंत्री मोदी का एक महीने में छत्तीसगढ़ का दूसरा दौरा होगा। पिछले साल सम्मेलन भुवनेश्वर में हुआ था।




