मुंगेली। जिले के लोरमी ब्लाक के पुटुपारा में धान मिसाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। थ्रेसर मशीन में धान डालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे मशीन के अंदर जा फंसा और देखते ही देखते मशीन ने उसके पूरे शरीर को अंदर खींच लिया। हादसे में युवक की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, लोरमी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 पुटुपारा में यह हादसा पूर्व पार्षद धन्नु साहू के पुत्र महेंद्र साहू (30 वर्ष) के साथ हुआ। महेंद्र अपने खेत में धान मिसाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान धान को थ्रेसर में डालते समय उसका पैर अचानक फिसल गया। पैर फिसलते ही वह सीधे थ्रेसर मशीन में गिर पड़े और देखते ही देखते मशीन ने उन्हें पूरी तरह अंदर खींच लिया।
हादसा इतना भयावह था कि युवक का शरीर मशीन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे सामान्य तरीके से बाहर निकालना संभव नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने जेसीबी मशीन बुलाकर शव को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ही महेंद्र का शव मशीन से बाहर निकाला जा सका।




