रायपुर. राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में ठंड फिर से अपना असर दिखाने लगी है और नवंबर अंत तक ठंडक में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि हो सकती है। विभाग ने उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका भी व्यक्त की है। हालांकि आगामी दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बदली या बारिश के आसार नहीं हैं और प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
नवंबर की शुरुआत में ठंड ने दस्तक दी थी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई और ठंडक में कमी आई। मौसम विभाग के अनुसार, माहांत तक ठंड एक बार फिर बढ़ेगी। इस बीच पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 29.2 डिग्री रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।
रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक शुष्क मौसम जारी रहेगा और रात व सुबह के घंटों में ठंडक का प्रभाव और अधिक महसूस होगा।




