सूरजपुर। जिले में हाथियों और मानव के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। भटगांव थाना क्षेत्र के कपसरा स्थित बिसाही पोड़ी गांव में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खलिहान में धान की रखवाली कर रहे दंपत्ति पर हाथियों ने हमला कर उनकी जान ले ली।
जानकारी के अनुसार मृतक कबिलास राजवाड़े अपनी पत्नी धनियारो के साथ खेत के पास बने खलिहान में सो रहे थे। करीब रात 2 बजे जंगल से निकले हाथियों का झुंड वहां पहुंचा और अचानक दंपत्ति पर हमला कर उन्हें कुचल डाला। घटना इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
धान की रखवाली में लगी थी चौकी
किसान अपनी पत्नी के साथ खेत में कटाई के बाद धान की सुरक्षा के लिए खलिहान में ही सो रहा था। हाथियों का झुंड सीधे उसी स्थान पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। गांव वालों ने बताया कि हाथियों की आवाज सुनने से पहले ही दंपत्ति पर जानलेवा हमला हो चुका था।
सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग का अमला देर रात ही गांव पहुंच गया। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त की और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान करने की तैयारी में है।




