बिलासपुर। प्रदेशभर में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे तेजी से जारी है, जिसके चलते इस कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। रविवार, 30 नवंबर को अवकाश होने के बावजूद शहर में कई BLO स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए। इसी दौरान तारबाहर स्थित स्कूल में सर्वे कार्य की निगरानी कर रहीं एक महिला सुपरवाइजर अचानक बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें तुरंत शिक्षकों और कर्मचारियों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, निर्वाचन संबंधित दबाव और विभागीय कार्यभार के कारण महिला अधिकारी का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था, जिसके चलते वे बेहोश हो गईं। चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए इसकी रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी BLO, शिक्षक और संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत सर्वे सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
सर्वे की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। लगातार दबाव और समय सीमा में काम पूरा करने की मजबूरी के चलते इस प्रक्रिया में शामिल कई कर्मचारी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।




