रायपुर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के लिए छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम 04 नवंबर 2025 से लगातार गंभीरता और पारदर्शिता के साथ जारी है। बीएलओ द्वारा पूरे प्रदेश में घर-घर जाकर पंजीकृत मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का संग्रहण और उनका डिजिटाइजेशन तेजी से किया जा रहा है।
राज्य निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार 30 नवंबर तक लगभग 01 करोड़ 92 लाख से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। यह संख्या कुल 02 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाताओं के लगभग 91 प्रतिशत के बराबर है।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि आगामी समय सीमा के भीतर 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने के लिए सभी जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों और बीएलओ को सर्वे कार्य में गुणवत्ता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे आगामी चुनावों के लिए अद्यतन और शुद्ध मतदाता सूची उपलब्ध हो सकेगी।




