रायपुर. राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, घटना आपसी गाली-गलौच से उपजी थी। मृतक मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले का निवासी बताया गया है। हत्या गुमा बना रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात करीब 12 बजकर पांच मिनट पर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे लहूलुहान हालत में युवक को देखा गया। डायल 112 के माध्यम से उरला पुलिस को सूचना दी गई। घायल युवक को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पीठ पर नुकीले हथियार से प्रहार के निशान मिले। मृतक की पहचान फुल्लम सिंह गोंड़ पिता कन्हैया गोंड़ (24 वर्ष) निवासी करंजिया, डिंडोरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
उरला थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रात में ही दो नाबालिगों समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। नाबालिग अपराधियों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। मंगलवार को सभी से घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी, उसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।




