जांजगीर-चांपा। जिले के कनाई गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो चचेरी बहनों की कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय अस्मिता और चार वर्षीय प्रिंसी शाम करीब पांच बजे घर की बाड़ी में खेल रही थीं। रोज की तरह दोनों खेलते हुए बाड़ी की ओर गई थीं, लेकिन कुछ देर बाद जब वे नजर नहीं आईं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद घर के पास स्थित कुएं की ओर शक होने पर परिजनों ने वहां देखा, जहां दोनों बच्चियां पानी में अचेत अवस्था में मिलीं। परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल जांजगीर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। ग्रामीणों के अनुसार, बाड़ी में बना कुआं बिना किसी सुरक्षा कवर या जाली के खुला हुआ था, जिसके कारण बच्चियां खेलते समय फिसलकर गिर गई होंगी।
घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। यह हादसा खुले कुओं और जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजाम की आवश्यकता की ओर एक बार फिर ध्यान आकर्षित करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




