रायगढ़, 3 दिसंबर। रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित RPF पोस्ट में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब एक आरक्षक ने अपने ही साथी आरक्षक पी.के. मिश्रा को सर्विस रिवाल्वर से कनपटी सटाकर तीन राउंड फायर कर दिए। गोली लगने से आरक्षक मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार दोनों आरक्षकों के बीच संविधान से जुड़े किसी मुद्दे पर बहस हुई थी, जो बाद में इतनी बढ़ गई कि एक आरक्षक ने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकाल ली और फायरिंग कर दी। पूरी घटना RPF पोस्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर रेलवे मंडल के वरिष्ठ RPF अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। घायल आरक्षक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
RPF की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी आरक्षक को हिरासत में ले लिया गया है।




