रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ गया है। इसके चलते अब राज्य में हवा की दिशा में बदलाव होने लगेगा, जिससे गुरुवार रात से रात के न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिनों में दिन का तापमान एक से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद ठंड का नया दौर शुरू होगा और पारा सामान्य से नीचे चला जाएगा।
वर्तमान में सरगुजा सहित पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर या उसके आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 9.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक अधिकतम तापमान भी दुर्ग में ही 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
रायपुर में आज सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद दिन में आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




