मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर महतारी वंदन योजना की 22वीं किस्त का भुगतान जारी किया। इस किस्त के तहत राज्य की 67,78,674 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 634.65 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं परिवार, समाज और राज्य की उन्नति की आधारशिला हैं तथा उनका सशक्तिकरण एक सशक्त प्रदेश की अनिवार्य शर्त है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत प्रति माह सीधे बैंक खातों में राशि हस्तांतरण से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ परिवार की पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में भी सुनिश्चित सहायता प्राप्त हो रही है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना के लाभ से वंचित न रहे और पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सहायता निरंतर उपलब्ध होती रहे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महतारी वंदन योजना आने वाले समय में लाखों परिवारों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाएगी तथा छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि एक मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 21 किस्तों में कुल 13,671.68 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों को प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान किस्त में 67,71,012 महिलाओं को 633.89 करोड़ रुपये तथा नयड नेल्लानार क्षेत्र की 7,662 महिलाओं को 76.30 लाख रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।




