रायपुर। आयकर विभाग ने बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ओम स्पंज, देवी स्पंज और हिंदुस्तान क्वाइल समेत प्रमुख लोहा कारोबारियों से जुड़े करीब 50 ठिकानों पर एक साथ छापे पड़ रहे हैं। इन कारोबारियों से संबंधित रियल एस्टेट डीलरों के परिसरों पर भी तलाशी चल रही है।
सुरक्षा के लिए 100 से अधिक सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। ऑपरेशन रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में जारी है।
दो महीने पहले ईडी ने भी इन्हीं कारोबारियों से जुड़े रहेजा ग्रुप (रायपुर), सुल्तानिया ग्रुप और मीनाक्षी सेल्स (बिलासपुर) समेत कई ठिकानों पर कस्टम मिलिंग घोटाला एवं मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की थी।
आयकर विभाग ने अभी तक कार्रवाई के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है।




